
अबतक इंडिया न्यूज 23 दिसम्बर देशनोक ।(लक्ष्मीनारायण शर्मा ) भाजपा प्रदेशभर में संगठन को धारदार व असरदार बनाने के लिए संगठन पर्व मना रही है।बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक बैठकों का दौर जारी है।संगठन पर्व के तहत भाजपा राजस्थान में मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूती से पुनर्गठन कर अध्यक्षों की चुनावी प्रक्रिया में जुटी है।
रविवार को देशनोक में भी कोलायत विधानसभा के सभी मंडलों की बैठक आयोजित की गई। बीकानेर भाजपा देहात चुनाव प्रभारी जगत नारायण जोशी के साथ क्षेत्रीय विधायक अंशुमान सिंह भाटी भी मौजूद रहकर चुनावी प्रक्रिया में सर्व सम्मति बनाने की सराहनीय पहल की।
पिछले चार वर्षों से देशनोक में निष्क्रिय हो चुकी भाजपा में नव संचार तो हुआ है लेकिन भाजपा के सिंबल पर जीतने वाले जनप्रतिनिधियों की भूमिका का भी आकलन होना चाहिए। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर स्थानीय भाजपा जनप्रतिनिधियों की भूमिका की उदासीनता का असर पार्टी को भुगतना पड़ा। अपनी ही सरकार की महत्वकांक्षी व जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाने नाकाम रहे।
देशनोक नगरपालिका बोर्ड में सशक्त विपक्ष की भूमिका में होने बावजूद भाजपा के अधिकांश पार्षद व नेता प्रतिपक्ष सत्तापक्ष कांग्रेस से नजदीकियां बढ़ाने में मशगूल रहे। नतीजा, भाजपा पार्षद शांतिलाल भूरा की मृत्यु के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा अपना ही वार्ड हार गई।विधानसभा चुनावों में भी देशनोक में माहौल भाजपा के पक्ष होने के बावजूद अपेक्षित बढ़त नहीं मिल पाई।
भाजपा की विचारधारा व पॉलिसी से इतर निजी स्वार्थ के दलदल में डूबे स्थानीय भाजपाई अब मंडल अध्यक्ष पद की दावेदारी की ताल ठोक रहे है। क्या संगठन ऐसे मौकापरस्तों के चंगुल से बच पायेगा…. संगठन के हार्डकोर पार्टी वर्कर का फिर से विश्वास क़ायम होगा…?