Breaking newsटॉप न्यूज़दिल्ली NCRदुनियादेशराजनीति

देश की आखें नम… मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे PM मोदी, राजघाट में होगा अंतिम संस्कर

ABTAK INDIA NEWS 27 DECEMBER .भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में गुरुवार (26 दिसंबर) को निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। पूर्व पीएम के निधन के संबंध में दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने एक प्रेस रिलीज जारी की, जिसमें बताया गया, ”अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना देते हैं। उनकी आयु-संबंधी चिकित्सा स्थितियों का उपचार किया जा रहा था और 26 दिसंबर 2024 को घर पर ही उन्हें अचानक बेहोशी आ गई। घर पर तुरन्त उन्हें बचाने के उपाय शुरू किए गए। उन्हें रात 8:06 बजे नई दिल्ली के एम्स के मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पूर्व पीएम के निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से लेकर देश के कई बड़े नेताओं और हस्तियों ने दुख व्यक्त किया है। भारत सरकार ने आज (27 दिसंबर) के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार शनिवार (28 दिसंबर) को होने की उम्मीद है। मनमोहन सिंह का जन्म 1932 में पंजाब में हुआ था। वह 2004 से 2014 तक लगातार दो बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाले एनडीए के खिलाफ 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद पहली बार पीएम पद की शपथ ली थी। उन्होंने 2009 से 2014 तक अपना दूसरा कार्यकाल पूरा किया। उसके बाद 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी ने उनकी जगह ली। 33 साल तक सेवा देने के बाद वे इस साल की शुरुआत में राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो गए थे।

मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति ने जताया दुख

पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दुख जताया। उन्होंने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन विरल राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान रूप से सहजता से काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं भारत के महानतम सपूतों में से एक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।

मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे PM मोदी

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे. साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली में दिवंगत पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह के आवास पर पहुंचे.

मनमोहन सिंह का भारत के लिए योगदान हमेशा याद किया जाएगा- संघ

संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी. संघ ने X पर एक पोस्ट में कहा, ”भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और देश के वरिष्ठ नेता डॉ. सरदार मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश बेहद दुखी है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनके परिवार और अनगिनत प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है. डॉ. मनमोहन सिंह एक साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हुए. प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. सिंह का भारत के लिए योगदान हमेशा याद किया जाएगा. हम ईश्वर से दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं.”

कल सुबह अंतिम दर्शन के लिए AICC मुख्यालय में रखा जाएगा मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर

कांग्रेस सूत्रो के अनुसार आज देर रात 1 बजे , मनमोहन सिंह की बेटी अमेरिका से लौटेगी. कल सुबह 8 से 10 के बीच AICC में मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. AICC मुख्यालय में राहुल गांधी, सोनिया गांधी सहित सभी बड़े नेता पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देंगे. इसके बाद AICC से ही अंतिम यात्रा शुरू होगी.

राजघाट के पास जहां प्रधानमंत्रियों के अंतिम संस्कार होते हैं वहीं डॉ मनमोहन सिंह का भी अंतिम संस्कार किया जाएगा. चूंकि पीएम के अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया में सरकार भी शामिल है इसलिए बहुत बातें मनमोहन सिंह के परिवार और सरकार के ऊपर भी निर्भर करती हैं. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अटल बिहारी वाजपेई की तरह ही मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के लिए जगह की मांग करेगी.

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका

 पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है. पूर्व प्रधानमंत्री का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया. भारत सरकार ने कल के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है. डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.

7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

 पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर भारत सरकार का आदेश जारी हुआ है. इस आदेश में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है. 26 दिसंबर से 1 जनवरी तक इस दौरान सरकारी प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज झुके रहेंगे. इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री के अंतिम संस्कार के दिन सारे हाई कमिश्नर और दूतावास में राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा. सारे प्रदेशों और केंद्र शासित प्रदेश के सरकारों को यह आदेश भारत सरकार की ओर से जारी किया गया.

‘मनमोहन सिंह के कार्यकाल में तेजी से आर्थिक विकास हुआ’

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा, ”2007 से 2014 के बीच वह पीएम थे और मैं राज्यसभा का सभापति था. उन्होंने हमेशा रचनात्मक सुझाव दिए. यही कारण है कि उनके कार्यकाल के दौरान कभी ऐसा नहीं हुआ कि संसद में बहुत हंगामा हुआ हो. उन्होंने नीतियों में बदलाव किया, जिसके परिणामस्वरूप देश में तेजी से आर्थिक विकास हुआ. उन्होंने हमेशा संसद की चर्चाओं में भाग लिया.”

शनिवार को होगा मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा, शुक्रवार को आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार देर रात दिल्ली में संवाददाताओं से कहा,’पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार परसों होगा. हम आधिकारिक तौर पर ऐलान करेंगे.’ कांग्रेस नेता ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन को देश के लिए “दर्दनाक क्षति” बताया. उन्होंने कहा,’डॉ. मनमोहन सिंह कांग्रेस और देश के असली प्रतीक थे. आजादी के बाद के नायक. देश पर शासन करने के उनके मिशन और क्षमता को सभी ने देखा.’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!