रेलवे सतर्कता विभाग के अधिकारियों द्वारा सतर्कता सेमिनार आयोजित

अबतक इंडिया न्यूज जोधपुर, 13 सितंबर। केन्द्रीय सतर्कता आयोग के आह्वान पर शुक्रवार को मुख्य कार्यशाला प्रबंधक कार्यालय के सभा कक्ष में उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य सतर्कता अधिकारी मनोज कुमार (यांत्रिक एवं स्टोर) एवं सत्यनारायण यादव, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इंजीनियरिंग) की अध्यक्षता में सतर्कता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सतर्कता अधिकारियों ने सतर्कता के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए पॉवर पॉइंट प्रजेंटेशन से अधिकारियों और कर्मचारियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेल कर्मी एवं रेल अधिकारी अपने सार्वजनिक जीवन में सत्य निष्ठा और ईमानदारी को अपनाएं।
उल्लेखनीय है कि सतर्कता सप्ताह को जोनल स्तर पर 16 अगस्त से 15 नवंबर के तहत ‘सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि” अवधारणा के साथ चलाया जा रहा है। मुख्यालय की सतर्कता टीम द्वारा बैठक के दौरान कार्यशाला व स्टोर के सभी अधिकारियों व सुपरवाइजरों को, किस प्रकार सतर्कता बरतते हुए कार्य करना चाहिए, के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। सतर्कता रखते हुए अपने कार्य को करने में ज्ञानवर्धन के साथ एवं किस प्रकार से टेन्डर और कान्ट्रैक्ट के मामले में सतर्कता रखते हुए रेलवे बोर्ड द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों की पालना करते हुए कार्य निष्पादन किया जाना चाहिए, की जानकारी प्रदान की।
मुख्य सतर्कता अधिकारी मनोज कुमार ने बैठक में उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा की व्यक्ति की जरूरतें उसके वेतन से पूरी की जा सकती है, लेकिन लालच को कभी पूरा नहीं किया जा सकता। फाईलों पर कोई भी निर्णय लेते समय अपने विवेक को सर्वोपरि रखते हुए निष्पक्ष और निःस्वार्थ होकर निर्णय लें। इस वर्ष ‘सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि’ की थीम पर सतर्कता सप्ताह मनाया जा रहा है। भारत जब सतर्क रहेगा तभी समर्थ और समृद्ध बनेगा।
मुख्य कारखाना प्रबंधक मनोज जैन द्वारा प्रधान कार्यालय से आए सतर्कता अधिकारी के साथ और टीम का आभार व्यक्त किया और उन्होंने कहा की सतर्कता अधिकारी व टीम के द्वारा जो हमे मार्गदर्शन प्रदान किए गए है हम उसकी शत प्रतिशत पालना करेंगे व जो नवीन तथ्य की हमे जानकारी हुई है उसका अनुसरण करते हुए हम और अच्छा कार्य करने का प्रयास करेंगे।
इस दौरान सतर्कता सेमिनार बैठक में उप मुख्य कार्मिक अधिकारी बसंत सिंह, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक एके चौधरी, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विनोद मीणा, उप मुख्य बिजली इंजीनियर महेंद्र कुमार, एक्सईएन राजू माथुर, एडबल्यूएम धनराज कुमार सहित प्रधान कार्यालय व कार्यशाला के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।