
अबतक इंडिया न्यूज 5 अगस्त गुवाहाटी । असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा बड़ा फैसला लेने जा रहे हैं। अगले दो महीने के भीतर राज्य में डोमिसाइल पॉलिसी लागू होने जा रही है। इस नीति के असम में लागू करने का उद्देश्य केवल राज्य में जन्मे लोगों को ही राज्य सरकार की नौकरियों के लिए पात्र बनाना है। हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा, ‘राज्य सरकार ने मई 2021 से पारदर्शी तरीके से 97,000 से अधिक लोगों की भर्ती की है, जिससे एक ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र बना है जो विश्वास का निर्माण करता है। जब भर्ती की सूची प्रकाशित होगी, तो यह साबित होगा कि स्वदेशी लोगों को कैसे प्राथमिकता दी गई है।’
2021 के विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के प्रचार अभियान में राज्य के युवाओं के लिए एक लाख सरकारी नौकरियां शामिल थीं। मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और गुजरात का उदाहरण देते हुए सरमा ने कहा कि इन राज्यों में सरकारी नौकरियों में भर्ती के लिए अधिवास नीतियां (Domicile Policy) हैं ताकि स्थानीय उम्मीदवारों को वंचित न किया जा सके। उन्होंने बताया कि बंगाल में कुछ पदों के लिए बंगाली पढ़ना और लिखना आना अनिवार्य है।